एक तरफ स्कूटी पर निकलकर एक्शन में दिखे विधायक राय, दूसरी तरफ सडक़ खोदने पर भडक़ी कांग्रेस

सीहोर। जिला मुख्यालय पर शनिवार को राजनीतिक पारा चढ़ा रहा। एक ओर जहां विधायक सुदेश राय आम नागरिक की तरह एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर अचानक निर्माणाधीन पुल-पुलियों का जायजा लेने निकले, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने शहर में सीवेज लाइन डालने के नाम पर अच्छी-भली सीसी सडक़ को तोड़े जाने पर मोर्चा खोलते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
बता दें शनिवार को शहर में उस समय हलचल बढ़ गई जब विधायक सुदेश राय बिना किसी तामझाम के खुद एक्टिवा चलाते हुए दूल्हा बादशाह पुल, बकरी पुल और जमशेद नगर इलाके में निरीक्षण के लिए पहुंचे। विधायक को यूं अचानक सडक़ पर देखकर हडक़ंप मच गया और आनन-फानन में पीडब्ल्यूडी तथा नगर पालिका के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
क्षतिग्रस्त रपटे का निरीक्षण
विधायक राय जमशेद नगर और दीवानबाग के बीच नाले पर बने टूटे रपटे पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर स्थानीय पार्षद और नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह को तलब कर क्षतिग्रस्त पुल को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।
बकरी पुल व दूल्हा बादशाह पुल
बकरी पुल पर पीडब्ल्यूडी सेतु निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए विधायक राय ने बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढऩे से रुके काम की स्थिति देखी। उन्होंने सीएमओ को आगामी गर्मी को ध्यान में रखते हुए पानी रोकने और दूल्हा बादशाह पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

अच्छी-खासी सडक़ तोडक़र कैसा विकास
दूसरी ओर शहर में हो रहे विकास कार्यों के तौर-तरीकों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने हमलावर रुख अपनाया है। आईटीसी से इंदौर नाके तक हाल ही में बनी करोड़ों रुपये की गुणवत्तापूर्ण सीसी सडक़ को सीवेज लाइन बिछाने के लिए खोदे जाने का कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती का कहना है कि सडक़ के किनारे लगभग 8 से 10 फीट की पर्याप्त जगह और फुटपाथ उपलब्ध है, जहां से सीवेज लाइन आसानी से निकाली जा सकती है। इसके बावजूद अच्छी-भली सडक़ को तोड़ा जा रहा है।
जनता के पैसे की बर्बादी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने सवाल उठाया कि यह कैसा विकास है जिसमें पहले जनता के पैसों से मजबूत सडक़ बनाई जाती है और फिर उसे खोदकर लीपापोती की जाती है। विकास दूरदर्शिता और जनता के पैसों की बचत के साथ होना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी तुरंत मौके का निरीक्षण करें और सीवेज पाइपलाइन को सडक़ के किनारे या थोड़ा आगे से निकालकर सडक़ को क्षतिग्रस्त होने से बचाएं।

Exit mobile version