Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

दीपावली की रात खेतों में दीप जलाकर बिजली कंपनी के खिलाफ जताया आक्रोश, करंट से जान गंवाने वाले साथियों को दी श्रद्धांजलि

सीहोर। जहां एक ओर पूरा देश दीपावली के पावन पर्व पर खुशियों और रोशनी का जश्न मना रहा था, वहीं जिले के दर्जनों गांवों के अन्नदाताओं ने अपने खेतों में दीप जलाकर एक अनोखे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना दर्द व आक्रोश बयां किया। जिले के डाबला माता, चंदेरी, बरबेली, रामखेड़ी, मोरिया और छापरी कला समेत आसपास के दर्जनों गांवों के किसान दीपावली की रात अपने-अपने खेतों में एकत्रित हुए।
किसान नेता एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में किसानों ने खेतों में दीपोत्सव मनाते हुए विद्युत मंडल सीहोर की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं साथ ही उनसे अपनी गंभीर बिजली समस्याओं के जल्द निराकरण की गुहार लगाई।
खेतों में झूलते जर्जर तार और खंभे बने मौत का जाल
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों पर घोर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन और एलटी लाइन के तार काफी नीचे तक झूल रहे हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी पूरी तरह जर्जर और झुके हुए हैं, जो कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं।
किसानों के मुताबिक खेतों में सिंचाई और कृषि कार्य करते समय इन झूलते तारों की चपेट में आने का खतरा हर पल बना रहता है। बिजली विभाग की इसी अनदेखी के कारण अब तक क्षेत्र में करंट लगने से कई किसानों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई किसान गंभीर रूप से झुलसकर घायल हुए हैं। इंसानों के साथ-साथ बेजुबान मवेशियों पर भी इसका कहर टूटा है और गाय-भैंस समेत कई पालतू पशुओं की करंट लगने से अकाल मौत हो चुकी है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।
मृत किसानों की याद में जलाए दीप
बता दें दीपावली की रात खेतों में जलाए गए ये दीप केवल त्योहार की परंपरा नहीं, बल्कि उन साथी किसानों को दी गई एक भावभीनी श्रद्धांजलि थी, जिन्होंने बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण करंट लगने से अपनी जान गंवा दी। नम आंखों से मृतकों को याद करते हुए किसानों ने शासन-प्रशासन के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखीं।
उचित मुआवजा और राहत राशि
करंट हादसों में जान गंवाने वाले किसानों के बेसहारा हुए परिवारों को तत्काल न्याय और उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही इन हादसों में घायल हुए किसानों के इलाज और भरण-पोषण के लिए पर्याप्त राहत राशि प्रदान की जाए।
दोषी अधिकारियों पर दर्ज हो एफआईआर
किसानों ने इस पूरे मामले में सीधी जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है। उन्होंने विद्युत मंडल सीहोर के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री और श्यामपुर के सहायक यंत्री के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन पर सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
चार महीने से जारी है धरना-प्रदर्शन
किसान नेता एमएस मेवाड़ा और ग्रामीणों ने बताया कि वे अपनी इन जायज और बुनियादी मांगों को लेकर पिछले चार महीनों से लगातार धरना-प्रदर्शन और चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। कई बार ज्ञापन सौंपने और गुहार लगाने के बावजूद न तो खेतों के ऊपर झूल रहे जानलेवा तारों को दुरुस्त किया गया है और न ही लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ आज तक कोई ठोस कार्रवाई की गई है। किसानों का कहना है कि मजबूर होकर उन्हें दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी खेतों में उतरकर विरोध दर्ज कराना पड़ा, ताकि सोया हुआ प्रशासन जाग सके। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शासन और बिजली कंपनी ने जल्द ही उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक उग्र व व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button