Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सपरिवार गोवर्धन पूजा के रंग में रंगे पंडित प्रदीप मिश्रा, स्वयं गोबर से उकेरी भगवान श्रीकृष्ण की आकृति

कुबेरेश्वर धाम में उमड़ा देशभर के श्रद्धालुओं का सैलाब

सीहोर। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर अपने गृहनगर सीहोर स्थित निवास पर पूरे परिवार और श्रद्धालुओं के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न किया। इस शुभ अवसर पर भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां पंडित मिश्रा ने स्वयं गोबर से गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक आकृति बनाकर पूजा-अर्चना की।
पूजन के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पर्वत और श्रीकृष्ण की आकृति का पंचामृत से अभिषेक किया। इसके पश्चात रोली, अक्षत, पुष्प और 56 भोग अर्पित कर उन्होंने देश में सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की मंगलकामना की। पूरे परिवार के साथ उन्होंने गोवर्धन महाराज की आरती उतारी और वहां मौजूद भक्तों पर प्रसाद व आशीर्वाद की वर्षा की।
गो वंश ही हमारी वास्तविक जननी
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पूजा के पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह सनातन परंपरा का वह पावन पर्व है जो मनुष्य को प्रकृति, पर्यावरण और गो-वंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना सिखाता है। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अभिमान को चूर्ण कर ब्रजवासियों को यही संदेश दिया था कि प्रकृति, पर्वत, नदियां और गो-धन ही हमारी वास्तविक जननी हैं।
गो-सेवा का संकल्प
उन्होंने कहा कि आज के समय में गो-सेवा और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता सबसे अधिक है। प्रत्येक परिवार को अपने जीवन में कम से कम एक गाय की सेवा करने और अपने आसपास प्रकृति की रक्षा करने का संकल्प अवश्य लेना चाहिए।
कुबेरेश्वर धाम में सुबह से लगा भक्तों का तांता
दूसरी ओर कुबेरेश्वर धाम में दीपावली उत्सव के बाद आयोजित गोवर्धन पूजा में शामिल होने के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पंडित प्रदीप मिश्रा की एक झलक पाने और उनके सानिध्य में दर्शन करने के लिए मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से भक्त कुबेरेश्वर धाम पहुंचे थे। पूरे धाम परिसर को रंग-बिरंगे दीपों, सुगंधित फूलों और आकर्षक रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था। महाआरती के समापन के बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच अन्नकूट का महाप्रसाद वितरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button