
सीहोर। राष्ट्रीय अस्मिता जागरण न्यास के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में अनुभवों का मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सुदेश राय ने की, जबकि न्यास के अध्यक्ष अनिल पालीवाल भी मंच पर मौजूद रहे।
सेवानिवृत्त जन समाज के जीते-जागते सीसीटीवी कैमरे
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार एवं मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी भोपाल के निदेशक डॉ. विकास दवे ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार को सही दिशा दिखाने और राष्ट्र निर्माण में बुजुर्गों के अनुभवों का लाभ लेना बेहद जरूरी है।
डॉ. दवे ने कहा हमारे समाज में जो जीते-जागते सीसीटीवी कैमरे हैं, वे आप सब वरिष्ठजन ही हैं। उन्होंने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की कि किस प्रकार आज भारतीय संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपने अनुभवों और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आज के समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
गीता और शास्त्रों की शिक्षा नई पीढ़ी को देना जरूरी
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सेवानिवृत्त आईएएस एवं पूर्व सचिव ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने सेवानिवृत्त जनों को समाज की अनमोल धरोहर बताया। उन्होंने वर्तमान दौर में श्रीमद्भागवत गीता और भारतीय शास्त्रों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके माध्यम से नई पीढ़ी को जीवन मूल्यों और संस्कारों का ज्ञान दिया जाना चाहिए।
समाज के लिए हर समय सेवा में तत्पर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक सुदेश राय ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों को नमन किया। उन्होंने कहा आप सभी का अनुभव हमारे और पूरे समाज के लिए अमूल्य है। मैं आपकी किसी भी सेवा और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।
वरिष्ठों ने साझा किए अनुभव, लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के संस्मरण और खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज, राष्ट्र और भावी पीढ़ी के मार्गदर्शन और संस्कार संवर्धन के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश गुप्ता ने किया तथा अंत में आभार राजेंद्र तोमर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक लोकेश्वर तिवारी सहित आयोजन समिति के समस्त सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।