Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीएम की सुरक्षा के बीच ‘एक्टिव’ रहे जेबकतरे…

सीहोर। प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव के आष्टा प्रवास के दौरान जहां एक ओर पुलिस प्रशासन सुरक्षा के चाक-चौबंद दावों में व्यस्त था, वहीं दूसरी ओर शातिर जेबकतरों और चेन स्नेचरों ने अपना काम बखूबी अंजाम दिया। 12 अप्रैल को आयोजित लाड़ली बहना कार्यक्रम और भव्य रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने आधा दर्जन से अधिक लोगों की जेबें काट लीं और मोबाइल पार कर दिए।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए उमड़े जनसैलाब के बीच अपराधी इतने बेखौफ नजर आए कि उन्होंने पुलिस के सुरक्षा घेरे के आसपास ही हाथ की सफाई दिखा दी। रोड शो में पुष्प वर्षा और स्वागत की आपाधापी के बीच कई प्रतिष्ठित नागरिकों को पता ही नहीं चला कि कब उनकी जेब से पर्स और कीमती मोबाइल गायब हो गए। अब तक पुलिस के पास करीब चार शिकायतें पहुंची हैं, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और एक्शन लेना शुरू कर दिया है।
कोठरी में सरेराह चेन स्नेचिंग
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान ही पास के कस्बे कोठरी में भी सनसनीखेज वारदात हुई। यहां जैन मुनि संस्कार सागर महाराज के प्रवास के दौरान जब महिलाएं आहार की रस्म के लिए निकली थीं, तभी एक बाइक सवार नकाबपोश लुटेरे ने कैलाश जैन (चित्रलोक) की पत्नी के गले से दो तोले की सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई इस वारदात से महिलाएं सकपका गईं, लेकिन फिर भी उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए लुटेरे का पीछा किया। हालांकि संकरी गलियों का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकलने में सफल रहा।
एक्शन में पुलिस, 4 संदिग्धों को उठाया
वारदातों की झड़ी लगने के बाद आष्टा पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी गिरीश दुबे के अनुसार मोबाइल और पर्स चोरी के संबंध में चार आवेदन प्राप्त हुए हैं। संदेह के आधार पर चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जनता में सुरक्षा को लेकर चर्चा
मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी के दौरे में जब पुलिस का पूरा अमला अलर्ट पर रहता है, उस दौरान इतनी बड़ी संख्या में चोरियों का होना चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी, तब ये बदमाश इतने बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम कैसे दे गए, फिलहाल पुलिस पकड़े गए संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button