सीहोर रेलवे स्टेशन पर गुना के श्रद्धालु से लूट और मारपीट

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम के दर्शन करने आए एक श्रद्धालु के साथ रेलवे स्टेशन के पास बेरहमी से मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने एक श्रद्धालु पर जानलेवा हमला करते हुए उनके पैर पर डंडों से कई वार किए, जिससे उनका पैर टूट गया। इसके बाद बदमाश पीडि़त का पर्स, नगदी और जरूरी दस्तावेज लूटकर कार से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
अस्पताल में भर्ती पीडि़त अनिल कुशवाहा ने बताया कि वे गुना जिले के कुंभराज के रहने वाले हैं और कुबेरेश्वर धाम में दर्शन करने के लिए ट्रेन से सीहोर आए थे। वे जैसे ही रेलवे स्टेशन से बाहर निकले, उसके महज दो मिनट बाद ही एक पुरानी नारंगी रंग की कार उनके पास आकर रुकी। कार से कुछ अज्ञात बदमाश नीचे उतरे और बिना कोई बात किए अचानक अनिल पर डंडों से हमला बोल दिया।
लगातार वार कर तोड़ा पैर, फिर की लूटपाट
पीडि़त के अनुसार हमलावरों ने उनके पैर पर लगातार तीन बार डंडों से जोरदार हमला किया, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई और गंभीर फ्रैक्चर हो गया। अनिल जब दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़े तो बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 4 हजार रुपये नगद और कई बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसी कार में सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
108 एम्बुलेंस की मदद से पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अनिल कुशवाहा ने हिम्मत दिखाते हुए खुद ही 108 एम्बुलेंस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर फ्रैक्चर को देखते हुए उनके पैर पर पट्टी बांधी और इलाज शुरू किया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कार के नंबर के आधार पर तलाश शुरू
जानकारी मिलते पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर पीडि़त के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। पीडि़त अनिल द्वारा बताए गए बदमाशों के हुलिए और कार के नंबर एमपी-04 सीरीज के आधार पर नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस स्टेशन और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



