जिले भर के हाजियों ने प्रदेश सरकार से की शराब बंदी की मांग

हाजी और उलेमा सम्मान समारोह में बोले मुफ्ती मौलाना अहमद, प्रदेश में लागू हो पूर्ण शराबबंदी और गाय बने राष्ट्रीय पशु

सीहोर। हज यात्रा से लौटे जिलेभर के हाजियों और उलेमाओं ने एक सुर में प्रदेश सरकार के सामने दो बड़ी और महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। शनिवार को शहर के कस्बा क्षेत्र स्थित दीवान बाग में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान हाजियों और उलेमाओं ने मध्य प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने तथा गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की पुरजोर वकालत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश जमीयत उलेमा हिंद के सदर मुफ्ती मौलाना अहमद ने हाजियों की ओर से अपनी बात रखते हुए कहा कि समाज को बुराइयों से बचाने के लिए प्रदेश में शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध लगना चाहिए। साथ ही देश की सांस्कृतिक और सामाजिक आस्था को सम्मान देते हुए सरकार को गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए।
हाजी और उलेमाओं का हुआ सम्मान
जिले भर से आए हज यात्रियों के इस्तकबाल में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता हाफिज चांद मियां ने की। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सभी सम्मानित हाजियों और उलेमाओं को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में कौमी एकता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की जड़ें मजबूत होती हैं। समारोह को जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी कमलेश कुमार सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया और हाजियों की उठाई गई मांगों का समर्थन किया।
वक्फ कमेटी ने की मेजबानी
कार्यक्रम के आयोजक एवं वक्फ कमेटी के अध्यक्ष पूर्व पार्षद शमीम अहमद ने सभी अतिथियों और हाजियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। मंच संचालन कलीम पठान ने किया, जबकि अंत में कांग्रेस नेता नायाब खान ने सभी का आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह में जिलेभर से आए हाजी, उलेमा और पूर्व पार्षदों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से बलवीर तोमर, हफीज चौधरी, अनीस मियां, महफूज भाई, अहमद भाई मोहसीन, खालिद पठान, इरशाद पहलवान, मुस्तफा अंजुम, रशीद मंसूरी, तारिक मियां, आरिफ पहलवान, खालिद अहमद, मज्जू खां, हैदर मीर, सरवर पठान और सलीम खां प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Exit mobile version