विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ पौधरोपण, निकाली रैली, लिया संकल्प


सभी लगाएं विशेष दिनों पर एक पौधा : राजेंद्र मीना पटेल
नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समस्त नगरवासियों से अपील भी की है कि वे अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह सहित विशेष दिनों पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसे संरक्षित भी करे। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण को बचाना बेहद जरूरी है। लगातार पेड़ों की कटाई हो रही है, लेकिन पौधे नहीं लगाए जा रहे हैं। इसके लिए जरूरी है कि सभी इस काम में अपनी भूमिका का निर्वहन करें। पौधरोपण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, उपाध्यक्ष अर्चना राजीव शर्मा, नगर परिषद के समस्त पार्षदगण, सीएमओ राजेंद्र कुमार यादव, जनप्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की बहनें सहित नगर परिषद के अधिकारी- कर्मचारी एवं आम नागरिकों द्वारा पौधरोपण में अपना योगदान दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेहटी महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। इससे पहले मिशन लाइफ अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय रेहटी में पर्यावरण जागरूकता को लेकर कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अंजलि गढ़वाल के संरक्षण में आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित संभागीय नोडल अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार मेहरा का स्वागत पौधा देकर किया गया। इसके उपरांत उन्होंने अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यह कहा कि सभी पर्यावरण दिवस पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसका संरक्षण करें। करियर मार्गदर्शन एवं स्टार्ट अप के बारे में विस्तार से बताते हुए कौशल, क्षमता और व्यक्तित्व विकास से अवगत कराया। महाविद्यालय की छात्रा सलमा पठान द्वारा पौधारोपण करने हेतु सभी से आवाह्न किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ पुनीत कुमार मालवी द्वारा किया गया तथा आभार राजाराम रावते प्राध्यापक भौतिक विभाग द्वारा व्यक्त गया। इस अवसर पर डॉ सुरेश सोलंकी, डॉ दीपक रजने द्वारा मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विधार्थी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद सीहोर द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर उपवन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर शहर के विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जो निश्चित रूप से सीहोर को एक आदर्श शहर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण सबसे प्रभावी और सरल उपाय है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़कों, उद्यानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में सीहोर को हरियाली की नई पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। नगर पालिका परिषद आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह, पार्षद विजेंद्र परमार, कमलेश कुशवाह, राजेश माझी, निलेश राठौर, आशुतोष त्यागी, शुभम राठौर, राजेश परिहार सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और हरित सीहोर के संकल्प के साथ हुआ।



