
सीहोर। शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि जब पूरा जिला सो रहा था, तब पुलिस की टीमें अपराधियों के दरवाजे पर दस्तक दे रही थीं। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने 12-13 सितंबर की दरमियानी रात एक बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना की अगुवाई में चले इस सघन धरपकड़ अभियान ने रातभर में जिले के बदमाशों में हड़कंप मचा दिया। रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस 5 घंटे के विशेष अभियान में जिले भर के 224 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने 700 से अधिक वारंटियों, बदमाशों और शातिर अपराधियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
एसपी-एएसपी ने खुद संभाली कमान
अभियान की शुरुआत में एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने थाना कोतवाली और मंडी परिसर में संयुक्त बल को ब्रीफ कर सख्त निर्देश जारी किए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, सीएसपी डॉ. अभिनंदन शर्मा और डीएसपी हेमंत पांडेय मौजूद रहे। ब्रीफिंग के तुरंत बाद पुलिस का अमला मैदान में उतर गया। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने खुद दोराहा, श्यामपुर और बिलकिसगंज थानों का भ्रमण कर गश्त व्यवस्था का जायजा लिया, उनके साथ एसडीओपी पूजा शर्मा भी तैनात रहीं। वहीं एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने अहमदपुर और दोराहा क्षेत्र में कमान संभाली। जिले के सभी अनुभाग प्रभारियों (एसडीओपी) ने अपने-अपने क्षेत्रों में थानों के बल के साथ रातभर कॉम्बिंग गश्त की।
222 वारंटी गिरफ्तार
कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने रातभर में कुल 222 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें लंबे समय से फरार चल रहे 125 स्थाई वारंटी और 97 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने जिले के 146 चिन्हित अपराधियों, गुंडों और निगरानी बदमाशों के घरों का दरवाजा खटखटाकर उनकी मौजूदगी और गतिविधियों की गहन जांच की। गश्त के दौरान थाना बुधनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। उनके पास से 29.86 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।