Newsआष्टाइछावरजावरजॉब्सनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

युवा संगम मेले में 388 युवाओं का प्रारंभिक चयन, 22.90 लाख रुपये का ऋण वितरित

सीहोर। जिले के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करने के लिए सीहोर में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यालय स्थित शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में निजी क्षेत्र की नामी कंपनियों ने शिरकत की, जहां साक्षात्कार के बाद कुल 388 योग्य युवक-युवतियों का प्रारंभिक चयन किया गया।
इस दौरान स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए शासन की कल्याणकारी योजना के तहत लाखों रुपये का कर्ज भी हितग्राहियों को मौके पर मंजूर कर वितरित किया गया। जिला रोजगार अधिकारी कमलेश पटेल ने बताया कि रोजगार मेले को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। सुबह से ही जिलेभर के युवा अपने दस्तावेजों के साथ महिला आईटीआई कॉलेज पहुंचने लगे थे। मेले में कुल 418 युवक-युवतियों ने अपना पंजीयन कराया। देश और प्रदेश की कुल 10 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि इस मेले में शामिल हुए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की शैक्षणिक व तकनीकी योग्यता के आधार पर उनका कड़ा इंटरव्यू लिया, जिसके बाद 388 युवाओं का प्रारंभिक चयन कर उन्हें नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान किए गए।
स्वरोजगार के लिए मिला 22.90 लाख का ऋण
मेले में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि युवाओं को खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी बड़ी मदद दी गई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत उद्यानिकी विभाग और पशुपालन विभाग द्वारा विशेष पहल की गई। योजना के तहत मंच से 04 चिन्हित हितग्राहियों को अपना खुद का उद्यम व व्यवसाय स्थापित करने के लिए कुल 22 लाख 90 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक व स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर यह रहे मौजूद
रोजगार मेले के शुभारंभ और हितग्राही ऋण वितरण के अवसर पर जिले के प्रमुख अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से एलडीएम जगदीप भट्टाचार्य, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनुराग वर्मा, जिला रोजगार अधिकारी कमलेश पटेल, प्रबंधक संदीप उईके, पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शीलचंद गुप्ता, शासकीय महिला आईटीआई के प्राचार्य गब्बू परमार, विवेक यादव सहित बड़ी संख्या में कॉलेज स्टाफ और बेरोजगार युवा मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button