Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सलकनपुर मंदिर परिसर में नवरात्रि की तैयारी, व्यापारियों को हिदायत, मेले में नहीं होगा घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग

सीहोर। प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में रविवार को मंदिर परिसर में स्थानीय व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मेले के दौरान उमडऩे वाली लाखों की भीड़ की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना था।
बैठक में थाना प्रभारी, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि मंदिर परिसर या मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ या सिलेंडर पाया जाता है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही व्यापारियों को अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न आए।
एसडीईआरएफ ने दिया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सीहोर से आई एसडीईआरएफ की टीम ने उपस्थित व्यापारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया। टीम ने आग लगने की स्थिति में उससे बचाव के तरीके बताए और फायर उपकरणों अग्निशमन यंत्रों का सही उपयोग करना सिखाया। व्यापारियों को प्रशिक्षित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय किस तरह तुरंत और सुरक्षित तरीके से आग पर काबू पाया जा सकता है।
दुकानों पर रखने होंगे छोटे फायर उपकरण
प्रशासन ने सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में छोटे फायर रोकथाम उपकरण अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि नवरात्रि महापर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में व्यापारी प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में रेहटी थाना प्रभारी, तहसीलदार, एसडीईआरएफ टीम सहित सलकनपुर के बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button