जनप्रतिनिधि और अधिकारी समन्वय से करें काम, हर पात्र को मिले योजनाओं का लाभ: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री ने सीहोर में दिशा की बैठक में की विकास कार्यों की मैराथन समीक्षा, बोले- जनता की सेवा ही हम सबका परम कर्तव्य

सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति दिशा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री चौहान ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यदि अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे तो योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी अपनी गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों को दें, ताकि जनता का फीडबैक शासन तक पहुंच सके।
आवास योजना की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गरीब को पक्की छत देना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पात्र व्यक्तियों के नाम सूची से छूट गए हैं, उनका दोबारा सत्यापन किया जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में आवास प्लस योजना के तहत अब तक 14449 आवास पूर्ण हो चुके हैं और वर्ष 2025-26 के लिए 17723 आवासों का लक्ष्य निर्धारित है। गरीबों के आवास निर्माण में तेजी लाई जाए ताकि उन्हें समय पर लाभ मिले।
पेयजल संकट पर विशेष ध्यान
आगामी भीषण गर्मी को देखते हुए श्री चौहान ने जल संसाधन और जल निगम की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पाइपलाइन या सडक़ निर्माण के दौरान यदि कुछ क्षतिग्रस्त होता है तो उसकी तुरंत मरम्मत कराई जाए। बांध, तालाब और बैराजों की मरम्मत समय पर हो ताकि पानी व्यर्थ न बहे।
लखपति दीदी और ग्रामीण आजीविका मिशन
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया गया कि जिले में 1 लाख 6 हजार से अधिक महिलाएं स्व सहायता समूहों से जुड़ी हैं। लखपति दीदी अभियान के तहत 23,598 महिलाओं के लक्ष्य के विरुद्ध 22,988 महिलाएं सफलता प्राप्त कर चुकी हैं। मंत्री जी ने समूहों को स्वरोजगार से जोडक़र आय बढ़ाने के निरंतर प्रयास जारी रखने को कहा।
सडक़ों का बिछेगा जाल्र
बैठक के दौरान सडक़ों की समीक्षा में जानकारी दी गई कि जिले में 1886 किलोमीटर की 392 सडक़ें पूर्ण हो चुकी हैं। अब अगले चरण में 111 नई सडक़ों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इससे लगभग 122 नई बसाहटों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायकों ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे
बैठक में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय और आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने बिजली, सडक़ और पानी से जुड़ी स्थानीय समस्याओं की ओर मंत्री जी का ध्यान आकर्षित किया। श्री चौहान ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में कलेक्टर बालागुरू के., जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, एसपी दीपक कुमार शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा, डीएफओ अर्चना पटेल सहित सभी जनपदों के अध्यक्ष और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



