PWD एसडीओ शंकरलाल रोहिताश्व हुए सेवानिवृत्त, 28 साल के सफल कार्यकाल के बाद दी गई भावभीनी विदाई

सीहोर। सरकारी सेवा में रहते हुए अपने अच्छे व्यवहार और उत्कृष्ट कार्यों से अमिट छाप छोडऩे वाले लोक निर्माण विभाग के एसडीओ शंकरलाल रोहिताश्व 31 अक्टूबर को अपने 28 साल के लंबे सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके रिटायरमेंट पर बुधनी और भोपाल में कई विदाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां उनके उल्लेखनीय योगदान की जमकर सराहना की गई।

बुधनी विधानसभा के ठेकेदारों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा श्री रोहिताश्व के सम्मान में एक विशेष विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें वे अपने परिवार के साथ शामिल हुए। इस दौरान उनका स्वागत उत्साह के साथ किया गया। डीजे की धुन, आतिशबाजी और फूलों की वर्षा के बीच उनकी अगवानी हुई। दीप प्रज्वलित कर और केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जहां उपस्थित लोगों ने उन्हें माला पहनाकर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे पहले विभाग की ओर से बुधनी स्थित कार्यालय में भी उन्हें विदाई दी गई, जबकि भोपाल में परिजनों और मित्रों ने मिलकर एक पारिवारिक विदाई पार्टी का आयोजन किया था।
1989 में शुरू हुआ था सेवा का सफर
शंकरलाल रोहिताश्व ने वर्ष 1989 में लोक निर्माण विभाग में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। उनकी पहली पोस्टिंग भोपाल मुख्यालय में हुई थी। इसके बाद उन्होंने सागर और रायसेन जिलों में भी अपनी सेवाएं दीं। वे पिछले करीब 12 वर्षों से लगातार बुधनी में पदस्थ थे और यहीं से एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। अपने इस लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सडक़ों के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाई। समारोह में वक्ताओं ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और उनके मिलनसार स्वभाव को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा।

Exit mobile version