वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, मरीज की मौत के बाद परिजनों का चक्काजाम

सीहोर। शहर के वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मरीज अशोक की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का गुस्सा भडक़ उठा और उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने सीधे तौर पर वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल प्रबंधन और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने तथा मरीज को गलत गोली देने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाइश देकर स्थिति संभाली।

परिजनों के अनुसार मरीज अशोक को बीते 13 नवंबर को इलाज के लिए वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिवार के लोग पिछले सात दिनों से लगातार उनके साथ मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि गुरुवार शाम को खाना-पीना होने के बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें अशोक से मिलने से रोक दिया और वहां से जाने के लिए कह दिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद अशोक को एक गोली दी गई, जिसके चलते उनके पूरे चेहरे पर सूजन आ गई। परिवार के लोगों ने वेदांता अस्पताल के कर्मचारियों पर ठीक ढंग से ड्रिप न लगाने और मनमाने तरीके से गोलियां देने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
समय पर कॉल न करने और सूचना छिपाने पर नाराजगी
परिजनों ने बताया कि वे गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल से घर गए थे। अस्पताल की ओर से शाम 4 बजे फोन कर जानकारी देने की बात कही गई थी, लेकिन शाम 4 बजे कोई कॉल नहीं आया। करीब 5 बजे फोन आने पर जब परिजन घर से चाय-पानी लेकर अस्पताल पहुंचे और मरीज को देने की बात कही तो स्टाफ ने यह कहते हुए टाल दिया कि अस्पताल में ही यह सब सामान मिल जाता है।
मृतक के जीजा बृजमोहन के अनुसार अशोक की हालत बिगडऩे के बाद जब उन्होंने संबंधित स्टाफ से पूछा कि मरीज को वह गोली क्यों दी गई थी तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि यदि मरीज की स्थिति गंभीर हो रही थी या उन्हें किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की आवश्यकता थी तो वेदांता प्रबंधन को इसकी जानकारी समय रहते देनी चाहिए थी, ताकि परिजन आगे के बेहतर इलाज की व्यवस्था कर सकें।
शव रखकर परिजन ने किया चक्काजाम
शुक्रवार सुबह अशोक की मौत के बाद अस्पताल परिसर के बाहर परिजनों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सडक़ पर चक्काजाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरे घटनाक्रम और परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बावजूद वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Exit mobile version