
सीहोर। जिले में शुक्रवार का दिन आगजनी की दो बड़ी घटनाओं से दहल उठा। सुबह जहां इछावर में एक मसाला व नमकीन फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई, वहीं आधी रात को सीहोर के मंडी चौराहे पर जूते-चप्पल के दो मंजिला दुकान में भीषण आग लग गई। दोनों ही हादसों में व्यापारियों का लाखों रुपये का माल और मशीनरी जलकर राख हो गई।
बता दें पहली घटना शुक्रवार की सुबह इछावर थाना क्षेत्र के अदालत रोड स्थित श्गोधन दलिया, मसाला उद्योग एवं विनायक नमकीन फैक्ट्री में शुक्रवार तडक़े अचानक आग भडक़ उठी। इस आगजनी में पीडि़त को लगभग 28 से 30 लाख रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।
आधी रात को सीहोर में भडक़ी आग, 3 घंटे मचाया तांडव
सुबह की घटना का मंजर अभी थमा भी नहीं था कि शुक्रवार आधी रात लगभग 11.30 बजे सीहोर के व्यस्त मंडी चौराहे पर दहशत फैल गई। यहां एनके एंटरप्राइजेज नाम की दो मंजिला जूते-चप्पलों की थोक दुकान से अचानक धुआं निकलने लगा। दुकान संचालक नितिन साहू और शैलेंद्र शिवहरे बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए हुए थे, जिससे दुकान का लोहे का शटर बंद था और आग अंदर ही अंदर धधकती रही।
शटर तोडक़र घुसे फायरकर्मी
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को बंद शटर के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी। शटर तोडऩे के बाद फायरकर्मी अंदर दाखिल हुए, लेकिन रबर और लेदर का भारी स्टॉक होने के कारण पानी डालने के बाद भी लपटें बार-बार उठ रही थीं। आग की भीषणता को देखते हुए नगर पालिका की गाडिय़ों के 13 फेरों के साथ-साथ पानी के टैंकर और गेल इंडिया की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को भी राहत कार्य में लगाया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आसपास की दुकानों में फैली दहशत
रात करीब 1.30 बजे आग दुकान के पिछले व ऊपरी हिस्से में फैलने लगी, जिससे पड़ोस की अग्रवाल हार्डवेयर और आसपास के रहवासियों में हडक़ंप मच गया। दुकानदारों ने एहतियातन अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा, मंडी थाना प्रभारी अर्चना चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप राठौर मौके पर पहुंचे। दुकान में करीब एक सप्ताह पहले ही लाखों रुपये का नया स्टॉक भरा गया था, जो पूरी तरह जल गया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा नुकसान के सटीक आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।