प्रतिष्ठित पदों पर पहुंचकर जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची सफलता: गौरव सन्नी महाजन
महाजन मित्र मंडली ने 100 से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और खिलाडिय़ों का किया सम्मान

सीहोर। स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को स्थानीय सौभाग्य पैलेस में महाजन मित्र मंडली द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा और खेल जगत में जिले का नाम रोशन करने वाले 100 से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मंच पर सम्मान पाकर होनहार बच्चों के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ नजर आई।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने कहा कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद उन लोगों को हमेशा याद रखना चाहिए जिन्होंने लक्ष्य प्राप्ति में आपका सहयोग किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जब आप किसी प्रतिष्ठित पद पर पहुंच जाएं तो समाज के जरूरतमंदों की मदद जरूर करें। महाजन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के बताए सच्चाई, परिश्रम और देशप्रेम के मार्ग पर चलकर ही हम भारत को विश्वगुरु बना सकते हैं।

मेधावी छात्रों और खिलाडिय़ों का हुआ सम्मान
समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने होनहारों को प्रशंसा पत्र, शाल-श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. राजाराम परमार, दिनेश पाठक, राजेश मिश्रा, योगेंद्र राय, योगेश राठी, ज्ञान प्रकाश माथुर, रमेश त्यागी, पंकज मोदी, अजय अग्रवाल, प्रहलाद त्यागी और गोविंद पहलवान सहित महाजन मित्र मंडली के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व उनके परिजन उपस्थित रहे।



