रेहटी पुलिस ने खोजी 3 साल से लापता नाबालिग, परिजन के चेहरे पर आई मुस्कान

सीहोर। पुलिस के विशेष मुस्कान अभियान के तहत रेहटी पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस टीम ने 3 साल से लापता एक नाबालिग बालिका को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। इस मामले में पुलिस ने देवास जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो नाबालिग को बहला फुसलाकर ले गया था।
पुलिस के अनुसार फरवरी 2023 में फरियादी ने थाना रेहटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल अज्ञात के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश और एएसपी सुनीता रावत व एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे ने एक विशेष टीम गठित की। उपनिरीक्षक सुशील पाण्डेय के नेतृत्व वाली टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बालिका को आरोपी अजय नाथ सपेरा निवासी ग्राम जमनेर देवास के कब्जे से बरामद किया।
परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिवार के हवाले कर दिया है। 3 साल बाद अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई है और उन्होंने रेहटी पुलिस का आभार व्यक्त किया है। आरोपी अजय नाथ सपेरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस गुत्थी को सुलझाने में एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, थाना प्रभारी राजेश कहारे, उनि सुशील पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सतीश रणवीर, आरक्षक अभिषेक यादव और महिला आरक्षक मनीषा वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Exit mobile version