
सीहोर। जिला अस्पताल परिसर में बुधवार दोपहर उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब एक महिला आरक्षक के साथ पति-पत्नी ने मिलकर जमकर मारपीट कर दी। महिला पुलिसकर्मी को अस्पताल के भीतर घेरकर पीटा गया, जिससे वह घायल हो गई। वारदात के बाद घायल महिला आरक्षक को तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान कोतवाली थाने में पदस्थ महिला आरक्षक पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रही थी, तभी आरोपी पति-पत्नी उल्टे महिला आरक्षक से ही उलझ गए और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ने महिला पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अस्पताल परिसर में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। घटना की असल वजह और पूरी सच्चाई जानने के लिए अस्पताल में लगे सीसीटीवी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैंए ताकि आरोपियों की हरकत कैमरे में दर्ज सबूतों के आधार पर सामने आ सके।
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि ऑन-ड्यूटी महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जांच में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।