मण्डी की जर्जर सड़क को लेकर चक्काजाम, मौके पर पहुंचे विधायक-नपाध्यक्ष, घंटे भर में शुरू हुआ काम

चक्काजाम के चलते दोनों तरफ लग गई थी वाहनों की लंबी-लंबी कतारें

सीहोर। शहर के मंडी क्षेत्र की बदहाल सड़क, जानलेवा गड्ढों और उड़ती धूल से तंग आ चुके आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों का सब्र बुधवार को आखिरकार टूट गया। आक्रोशित मंडीवासियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
जैसे ही चक्काजाम और लोगों के आक्रोश की खबर मिली, विधायक सुदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर बिना देर किए तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा संभालते हुए सीधे जनता के बीच पहुंचकर संवाद किया और प्रशासन व ठेकेदार को ऑन द स्पॉट सख्त हिदायत दी।
30 मिनट में काम चालू करो, वरना हम भी बैठेंगे धरने पर
मौके पर पहुंचे विधायक सुदेश राय और नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने चक्काजाम में फंसी गाडिय़ों और स्कूली बच्चों की परेशानी को देखते हुए सबसे पहले लोगों को समझाया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील कीए ष्आप सडक़ से हट जाएं, गाडिय़ां फंसी हैं और छोटे स्कूली बच्चे परेशान हो रहे हैं। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अफसरों को दो टूक अल्टीमेटम दे दिया कि यदि आधे घंटे 30 मिनट के अंदर सडक़ की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ तो वे स्वयं जनता के समर्थन में वहीं धरने पर बैठ जाएंगे।
घंटे भर में दनदनाती पहुंचीं मशीनें, शुरू हुआ पैचवर्क
विधायक और नपाध्यक्ष के इस सख्त रुख का सीधा असर देखने को मिला। प्रशासनिक अमला और ठेकेदार तुरंत हरकत में आए। महज एक घंटे के भीतर मौके पर जेसीबी और भारी रोड-रोलर मशीनें दनदनाती हुई पहुंच गईं और सडक़ पर पैचवर्क व मरम्मत का काम तेजी से शुरू कर दिया गया। मौके पर काम चालू होता देख नागरिकों ने संतोष जताया और अपना चक्काजाम समाप्त किया।
30 करोड़ की सडक़, 1 साल में ही उखड़ गई
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासियों ने सडक़ के घटिया निर्माण पर भी आक्रोश व्यक्त किया। मंडी से श्यामपुर तक यह सडक़ करीब 30 करोड़ रुपये की भारी लागत से एफडीआर पद्धति द्वारा बनाई गई थी। दावा किया गया था कि सडक़ 10 साल की गारंटी के साथ बनी है, लेकिन महज 1 साल के भीतर ही इसकी परतें उखड़ गईं और गिट्टियां बाहर आ गईं। सडक़ पर उड़ती धूल से आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है और लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। सडक़ की खराब होने से दोपहिया वाहन चालक लगातार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।

Exit mobile version