
सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीपलखेड़ा रसूलपुरा गांव के पास एक बड़ा सडक़ हादसा होते-होते टल गया। ज्ञान वैली स्कूल की एक बस रोजाना की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे झाडिय़ों और गड्ढे में जा उतरी। हादसे के समय बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे। गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में एक बच्ची को मामूली चोट आई है, जबकि बाकी सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस सुबह अपने तय रूट से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस पीपलखेड़ा के पास पहुंची, चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बस सडक़ से नीचे उतरकर किनारे बनी गहरी झाडिय़ों और गड्ढे में घुस गई। बस के अचानक गड्ढे में उतरते ही उसमें सवार बच्चे डर के मारे जोर-जोर से रोने और शोर मचाने लगे।
ग्रामीणों ने दिखाई मुस्तैदी, बच्चों को सुरक्षित निकाला
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दौड़ लगाई। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत बस के दरवाजे और खिड़कियों की मदद से बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे की खबर आग की तरह फैलते ही बच्चों के माता-पिता भी घबराए हुए मौके पर पहुंचने लगे। अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
एक बच्ची को मामूली चोट, अस्पताल में कराया इलाज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि अहमदपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुरा/पीपलखेड़ा के पास ज्ञान वैली स्कूल की बस सडक़ से नीचे उतर गई थी। हादसे में एक बच्ची को हल्की चोट आई है, जिसे तुरंत नजदीकी सहयोग अस्पताल अहमदपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।