
सीहोर। बुधनी रेलवे स्टेशन की पटरियों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 38 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान युवक का शव कमर के पास से दो टुकड़ों में कटकर पटरियों पर बिखर गया। बुधनी स्टेशन पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि बीते महज 18 घंटे के भीतर ट्रेन की चपेट में आने से यह दूसरी मौत है।
घटना की सूचना मिलते ही शासकीय रेलवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षत विक्षत शव के टुकड़ों को समेटकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान बुधनी निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
18 घंटे में दो हादसे
बुधनी रेलवे स्टेशन पर लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय निवासियों और यात्रियों में गहरी चिंता और खौफ व्याप्त है। इससे पहले बुधवार को भी एक बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। 18 घंटे के भीतर लगातार दूसरे दिन हुए इस हादसे ने रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करने और सुरक्षा प्रबंधों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
हादसा, लापरवाही या आत्महत्या, हर एंगल पर पड़ताल
जीआरपी पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस इस पहलू की पड़ताल कर रही है कि क्या युवक जल्दबाजी में पटरी पार कर रहा था, संतुलन बिगडऩे से गिरा या फिर मामला आत्महत्या से जुड़ा है।