सीहोर: कलेक्टर ने किया पंचायत, स्कूल, गौशाला और तहसील कार्यालय का निरीक्षण
- कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों से कहा किसानों को उन्नत खेती के लिए जागरूक करें, गौशालाओं में गायों के लिए उपलब्ध कराएं प्रकृतिक वातावरण

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने इछावर जनपद के पंचायत, स्कूल, गौशाला और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने सीएम राइज स्कूल के निर्माणाधीन भवन एवं अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण कि दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन के कार्य सरलता से हों तथा सभी पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ एवं सेवाएं मिले। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि नागरिकों को उन कार्यों के पूरा होने पर सुविधा मिल सकें।
कलेक्टर बालागुरू के. ने इछावर जनपद के तहसील एवं एसडीएम कार्यालय, निर्माणाधीन सीएम राईज स्कूल, अमृत पार्क, सेवनिया कृषि विज्ञान केन्द्र का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने इछावर जनपद के ग्राम लसूडिया कांगर स्थित गौशाला, स्कूल, ग्राम पंचायत भवन, नलजल योजना, एवं मनरेगा प्लांटेशन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री जमील खान, जनपद सीईओ श्रीमती शिवानी मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण –
कलेक्टर ने इछावर के सेवनिया कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में चल रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली तथा किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, नई कृषि तकनीकों और अनुसंधान कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने कृषि विज्ञान केंद्र में संचालित जैविक खेती, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, कस्टम हायरिंग केंद्र, उन्नत बीज उत्पादन इकाई और अन्य नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को नई कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिए अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और किसानों को जल संरक्षण, जैविक खेती, और आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग के प्रति जागरूक भी किया जाए। कलेक्टर ने इछावर में बन रहे सीएम राइज स्कूल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
गौशाला एवं स्कूल का किया निरीक्षण –
कलेक्टर बालागुरू के ने ग्राम लसुड़िया कांगर स्थित स्कूल एवं मनरेगा के तहत संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला के निरीक्षण के दौरान उन्होंने गायों की संख्या एवं उनके पीने के पानी की व्यवस्था के साथ ही चारा भूसा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चारे के लिए शासन से मिलने वाले आवंटन, चारा प्राप्ति स्थान और दानदाताओं के बारे में जानकारी लेते हुए गौशाला का बेहतर प्रबंधन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरू के ने ग्राम पंचायत लसूडिया कांगर स्थित शासकीय स्कूल के निरीक्षण के दौरान स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं, मध्यान्ह भोजन, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यार्थियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से पाठ्यक्रम की प्रगति और परीक्षा परिणामों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था के सभी ही अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को विद्यालय में इस प्रकार का सुलभ वातावरण उपलब्ध कराया जाए जिससे उन्हें स्कूल आना और पढ़ाई करना बोझिल न लगे।