सीहोर में हुआ कांग्रेस का छात्र संवाद, होगा दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर

सीहोर। जिले में लंबे समय तक निष्क्रिय रही कांग्रेस पार्टी को फिर से खड़ा करने एवं कांग्रेसियों में जान फूंकने में जुटे जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बैठक एवं छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि कमलेश्वर पटेल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का युवा और छात्र वर्ग अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के अधिकार, बेहतर शिक्षा, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता और युवाओं के सुरक्षित भविष्य से जुड़े मुद्दों को लगातार मजबूती से उठा रहे हैं। इंदौर में आयोजित होने वाला छात्रों की गूंज कार्यक्रम युवाओं और छात्रों को अपनी समस्याएं एवं आकांक्षाएं मजबूती से रखने का मंच प्रदान करेगा। उन्होंने सीहोर जिले के छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
10 हजार छात्रों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य-
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि सीहोर जिला कांग्रेस द्वारा इंदौर के कार्यक्रम के लिए जिलेभर से करीब 10 हजार छात्रों का रजिस्ट्रेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है। छात्रों को इंदौर ले जाने और कार्यक्रम के बाद वापस सीहोर लाने के लिए वाहनों सहित भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम को पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल एवं नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने भी संबोधित किया। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए छात्रों से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और छात्रों की जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
छात्रों में दिखा उत्साह –
छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान कॉलेज छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र ठाकुर एवं आभार सीहोर ब्लाक अध्यक्ष घनश्याम यादव ने व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, एनएसयूआई युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सीहोर में दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर-
सीहोर जिले में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर द्वारा 15 एवं 16 सितंबर 2026 को यशराज गार्डन, सीहोर में दो दिवसीय जिला स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण शिविर में जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं वार्ड अध्यक्ष सहित जिलेभर से लगभग 200 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिविर को लेकर जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित होकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क एवं जनसंवाद, मतदाता संपर्क, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।



