एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने युवाओं को पढ़ाया साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता का पाठ

सीहोर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सीहोर में राष्ट्रीय एकता दिवस और युवा सृजन संवाद कार्यशाला-2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना मुख्य आकर्षण रहीं। उन्होंने युवाओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति विस्तार से जागरूक किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की कानून-व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
वर्तमान समय में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के खतरों से आगाह करते हुए उन्होंने छात्रों को इससे सतर्क रहने के बहुमूल्य टिप्स दिए। एसपी ने युवाओं को अनुशासन और कानून के प्रति सम्मान रखते हुए एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इस दौरान देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसके बाद सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
अतिथियों और विशिष्ट जनों की उपस्थिति
समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने की, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिले प्रशस्ति-पत्र
समापन अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे युवा सृजन संवाद अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों, प्राध्यापकों और आयोजन समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यालय पुलिस अधीक्षक की ओर से जिम्मेदार नागरिकता, सामुदायिक पुलिसिंग और डिजिटल सुरक्षा प्रशिक्षण में योगदान देने वालों को एसपी सोनाक्षी सक्सेना के हाथों प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने सामुदायिक सुरक्षा में युवाओं और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस विभाग और महाविद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। इस दौरान निरीक्षक रेडियो देवेंद्र सिंह परिहार, यातायात प्रभारी बृजमोहन धाकड़, सूबेदार प्राची राजपूत, एसआई विवेक आर्य, एसआई रामचरण नारोलिया और साइबर सेल प्रभारी सुशील साल्वे सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं कॉलेज परिवार से कार्यक्रम प्रभारी डॉ. कमलेश अहिरवार, डॉ. श्याम कुमार, सीनिका सिंह, डॉ. तृप्ता झा, डॉ. जितेंद्र आर्य, निधि धनकर सहित समस्त प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुप्रिया गुप्ता ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. टिमोथियुस एक्का ने किया।



