
सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई जिला कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। राजीव गुजराती 16 अगस्त 2025 को दूसरी बार सीहोर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए थे, लेकिन वे 14 माह बाद अपनी कार्यकारिणी घोषित कर सके। दरअसल पार्टी के अंदर चल रहे अंसतोष एवं गुटबाजी के कारण कार्यकारिणी की घोषणा नहीं हो पा रही थी। पार्टी सूत्र बताते हैं कि कार्यकारिणी कई दिनों से बनी हुई थी, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के समर्थकों को कार्यकारिणी में लेने को लेकर लगातार असमंजस की स्थिति रही। आखिरकार गुटबाजी और असंतोष के बीच राजीव गुजराती ने सबको साधने का प्रयास किया है। हालांकि कार्यकारिणी को लेकर अब भी नेताओं में असंतोष सामने आ रहा है। नाम नहीं छापने की शर्त पर एक कांग्रेस नेता ने बताया कि उन्हें कार्यकारिणी में स्थान मिला है, लेकिन यह कार्यकारिणी सीहोर जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत कर सकेगी, इसकी संभावनाएं कम ही हैं। यहां पर क्षेत्र के बजाए नेताओं के समर्थकों को साधने का ज्यादा प्रयास किया गया है।
सभी अपनी मेहनत से संगठन को उंचाइयां दें: राजीव गुजराती
सीहोर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि यह कार्यकारिणी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, मप्र कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार तथा सीहोर जिला प्रभारी जयश्री हरिकरण की अनुशंसा और सहमति से गठित की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी अपनी ऊर्जा, समर्पण और मेहनत से संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएं तथा आमजन की समस्याओं के समाधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहें।
इन्हें मिला कार्यकारिणी में स्थान-
52 की कार्यकारिणी, 5 महिलाओं को जगह-
सीहोर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की सूची में 52 पदाधिकारियों को स्थान दिया गया है, जिसमें केवल पांच महिलाओं को ही स्थान मिला है। यानी कुल 9.62 प्रतिशत स्थान कार्यकारिणी में महिलाओं को दिया गया है। जिन महिलाओं को कार्यकारिणी में शामिल किया है उनमें महासचिव गीता देवी राठौर, ममता कीर एवं सचिव दीप्ती कीर, मनु मुकेश गड़ोदिया, गीता कुशवाह है।