भक्ति के रंग में डूबा सीहोर, श्रीराधेश्याम विहार में आज गूंजेंगे भजन, महुआखेड़ी में निकलेगी भोले बाबा की बारात

सीहोर। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों धर्म की गंगा बह रही है। कहीं शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का उल्लास है तो कहीं महायज्ञ की पूर्णाहुति की तैयारी। मुगीसपुर स्थित श्रीराधेश्याम विहार कॉलोनी और समीपस्थ ग्राम महुआखेड़ी में आयोजित धार्मिक महोत्सवों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
शहर के मुगीसपुर स्थित श्री राधेश्याम विहार कॉलोनी में चल रहे श्री शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव और श्री लघु रुद्र महायज्ञ के दौरान बुधवार को श्रद्धालुओं को संतों का सानिध्य मिला। प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर के संत माधवदास महाराज ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत प्राचीनकाल से ही एक सनातन राष्ट्र रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि छुआछूत हमारे धर्म पर कलंक है और सामाजिक समरसता ही इसका असली आधार है।
महाराज ने कहा भगवान राम ने शबरी का उद्धार कर दुनिया को समरसता का संदेश दिया था। आज पूरी दुनिया भारत की ओर नेतृत्व के लिए देख रही है। आयोजन समिति के जितेंद्र तिवारी ने बताया कि गुरुवार को भगवान का दिव्य स्नान होगा और शाम को मां नर्मदा नव दुर्गा गणगौर मंडल द्वारा भव्य भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

रामलीला में धनुष भंग देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
दूसरी ओर ग्राम महुआखेड़ी में चल रहे एकादश कुण्डिय श्री रुद्र महायज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बुधवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर रामायण प्रचारक रामलीला मंडल द्वारा भगवान राम की लीलाओं का सजीव मंचन किया गया।
रात के समय मंचन के दौरान वह क्षण सबसे खास रहा जब भगवान राम ने गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर शिव धनुष को उठाया और उसका भंजन कर दिया। धनुष टूटते ही पूरा पंडाल जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा और माता सीता ने भगवान राम को वरमाला पहनाई। लक्ष्मण परशुराम संवाद ने भी दर्शकों को बांधे रखा। मुख्य यजमान सुरेश गब्बर परमार ने बताया कि गुरुवार को तकीपुर से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें आसपास के कई गांवों के लोग शामिल होंगे।



