Newsआष्टाइछावरइंदौरग्वालियरजबलपुरजावरनसरुल्लागंजबुदनीभोपालमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

Sehore News : सीएम के पुतला दहन के लिए कांग्रेस-पुलिस में चलती रही जोर-आजमाईश

भैरूंदा में सुपरवाइजर की मनमानी को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

सीहोर। परिवहन विभाग के बहुचर्चित घोटाले के आरोपी पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा को मिली जमानत के बाद से कांग्रेस पार्टी इसका लगातार विरोध कर रही है। इसी विरोध की कड़ी में पीसीसी के निर्देश पर सीहोर जिलेभर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व एवं ब्लॉक कांग्रेस की अगुवाई में विरोध, प्रदर्षन करते हुए कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन कार्यक्रम तय किया। सोमवार को सभी जगह दोपहर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि पुतला दहन को लेकर कांग्रेसियों और पुलिस में जोर-आजमाईश चलती रही। जिलेभर में पुलिस सक्रिय रही। कांग्रेस कहीं भी पुतला दहन नहीं कर सकी, लेकिन पुतला दहन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित हुए। इससे पहले प्रदेश सरकार के मुखिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सीहोर जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती की उपस्थिति में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष निशांत वर्मा के नेतृत्व में कोतवाली चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया। निशांत वर्मा ने कहा कि सौरभ शर्मा की ज़मानत भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार को संरक्षित करने की राजनीति को उजागर करती है। भैरूंदा में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवी सिंह थारोल के नेतृत्व एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय पटेल हवेली की उपस्थिति में कांग्रेस ने पुतला दहन कार्यक्रम किया। इस दौरान कांग्रेस और पुलिस में जमकर जोर-आजमाईश चलती रही। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवीसिंह थारोल ने कहा कि एक तरफ प्रदेशभर में भ्रष्टाचार चरम पर है, लेकिन भाजपा सरकार ऐसे भ्रष्टाचारियों को बचाकर उन्हें संरक्षण दे रही है। कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं करने देगी और इसका लगातार विरोध किया जाएगा।
भ्रष्टाचार चरम पर है, भ्रष्टाचारियों को सरकार बचा रही : राजीव गुजराती
जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और भ्रष्टाचारियों को सरकार ही बचा रही है। बहुचर्चित परिवहन घोटाले के आरोपी सौरभ षर्मा को जमानत दे दी गई, जबकि सौरभ शर्मा के पास से करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई है। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के विरोध में जब-जब कांग्रेस प्रदर्षन करती है, तब-तब सरकार पुलिस प्रशासन को आगे कर देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, जिसका जीता जागता उदाहरण भाजपा से संरक्षण प्राप्त भ्रष्टाचारी सौरभ शर्मा को बचाना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। इसके लिए हमें चाहे जो भी करना पड़े। कांग्रेस की जंग भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार जारी रहेगी। कांग्रेसजनों ने मांग की है कि सौरभ शर्मा मामले की निष्पक्ष जांच हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में हो। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया, सुनील दुबे, डॉ. अनीस खान, ओम बाबा राठौर, जसवीर सिंह खनूजा, के.के.रिछारिया, तुलसी राजकुमार राठौर, भगत सिंह तोमर, पंकज शर्मा, कपिल गौर, जयसिंह भारती सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
भैरूंदा में ब्लॉक कांग्रेस ने सौंपा ब्लॉक परियोजना अधिकारी को लेकर ज्ञापन-
इधर जिले के भैरूंदा में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कार्यक्रम के साथ ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवीसिंह थारोल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी को महिला एवं बाल विकास विभाग के ब्लॉक परियोजना अधिकारी को लेकर ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा है कि गत दिवस भाजपा के पदाधिकारियों एवं नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान एवं बहु अमानत बसंल चौहान के भैरूंदा में प्रथम नगर आगमन पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम के लिए महिला बाल विकास विभाग भैरूंदा के ब्लॉक परियोजना अधिकारी ने सुपरवाइजर के माध्यम से विभाग के व्हाट्सअप ग्रुप पर मैसेज करवाया था कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आरती की थाल लेकर स्वागत हेतु कार्यक्रम में उपस्थित रहे, लेकिन अवकाश के कारण कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकी। अब ब्लॉक परियोजना अधिकारी द्वारा उनका वेतन काटने की धमकी दी जा रही है, जो कि अनुचित है। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि ऐसे अधिकारी को तत्काल पद हटाकर इसकी जांच कराई जाए। इस दौरान युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय पटेल हवेली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button