Sehore News : कटोरा लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कांग्रेसी

Sehore News : सीहोर। किसानों और पिछड़ा वर्ग की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस ने गुरुवार को एक अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरा लेकर बस स्टैंड से कलेक्टर कार्यालय तक मार्च किया। इस दौरान वे जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों का विरोध कर रहे थे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद वे वापस लौटे हैं और यह प्रदर्शन उन्हीं के मार्गदर्शन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है, जिससे उन्हें खाद और फसल बीमा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने तीन मांगें उठाईं
– कांग्रेस ने आरोप लगाया कि फसल बीमा के नाम पर किसानों के साथ मजाक किया गया है और बीमा राशि का भुगतान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए।
– जिले में किसानों को हो रही खाद की भारी कमी को लेकर भी रोष व्यक्त किया गया और सरकार से इस समस्या को तुरंत हल करने की मांग की गई।
– कांग्रेस ने कहा कि ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना उनकी सबसे प्रमुख मांग है और इसे जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए।
दोप. 12 बजे से शुरू किया प्रदर्शन
दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुए इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। जुलूस के बाद कांग्रेसजनों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर वंदना राजपूत को सौंपा। जिलाध्यक्ष गुजराती ने कहा कि अब राहुल गांधी के बताए तरीकों से जिले में किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

Exit mobile version