Newsआष्टाइछावरइंदौरग्वालियरजबलपुरजावरनसरुल्लागंजबुदनीभोपालमध्य प्रदेशरेहटीलाइफस्टाइलविशेषसीहोर

सीहोर : गुम बच्चों-लोगों के लिए चलाया विशेष अभियान, 322 की हुई बरामदगी

- 250 महिलाएं-बालिकाएं एवं 72 पुरूष-बालकों को खोजा, अब भी 1489 लापता, अब फिर चलेगा विशेष अभियान

सीहोर। जिलेभर से गुम हो रहे बच्चों, महिलाओं, पुरूषों को खोजने के लिए सीहोर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सीहोर जिलेभर की पुलिस ने जनवरी माह में ही रिकार्ड 322 लोगों को खोजने में सफलता प्राप्त की है। इस दौरान जहां 250 महिलाओं, बालिकाओं को खोजा गया तो वहीं 72 पुरूष एवं बालकों को भी ढूंढा गया। हालांकि अब भी सीहोर जिले से 1489 लोग लापता हैं, जिन्हें भी खोजने के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब इन लोगों को भी खोजने के लिए सीहोर जिले में आगामी दिनों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। गुम लोगों को खोजकर सीहोर पुलिस ने 21.63 प्रतिशत इन मामलों का निराकरण कर दिया है।
सीहोर जिलेभर से गुम हो रहे लोगों को खोजने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश, एएसपी गीतेश गर्ग एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन व थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम जुटी हुई है। इसी का परिणाम है कि सीहोर जिलेभर की पुलिस ने एक माह में ही रिकार्ड 322 गुम बच्चों, महिलाओं, पुरूषों को खोजने में सफलता प्राप्त की है। इसके लिए पुलिस टीम ने लगातार कई स्थानों पर दबिश दी एवं गुम हुए लोगों को खोज निकाला। ये सभी मामलों 3 से 5 वर्ष पुराने हैं। पुलिस ने गुम हुए लोगों को जब परिवारों के सुपुर्द किया तो उनकी खुशी का ठिकाना भी नहीं रहा।
इन थानों में हुई इतनी बरामदगी-
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत चलाए गए विशेष अभियान में सबसे ज्यादा लंबित प्रकरणों का निराकरण करते हुए मंडी पुलिस अनुभाग द्वारा 40, आष्टा पुलिस अनुभाग द्वारा 41, भैरूंदा पुलिस अनुभाग द्वारा 43, इछावर पुलिस अनुभाग द्वारा 39 और बुधनी पुलिस अनुभाग द्वारा 37 गुम इंसानों को तलाश किया गया। विशेष अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुलिस अधीक्षक द्वारा उचित पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
अब भी 1489 लापता –
सीहोर जिले से लापता लोगों को खोजने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जहां जनवरी माह में रिकार्ड 322 लोगों को खोजा गया है तो वहीं अब भी सीहोर जिलेभर से 1489 लोग लापता हैं। पुलिस द्वारा इन्हें भी ढूंढा जा रहा है।
लगातार चलेगा अभियान –
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि सीहोर जिले में गुुम हुए लोगों को खोजने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा। जनवरी माह में ही 322 गुम इंसानों को खोजा गया है। इनमें सबसे ज्यादा 250 महिलाएं, बालिकाएं हैं। इनके साथ ही 72 बालक एवं पुरूषों को भी खोजकर उनके परिवारों के सुपुर्द किया गया है। हमारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में भी इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि गुम हुए लोगों को खोजकर उनके परिवारों के सुपुर्द किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button