सीहोर में अब रातें भी होंगी गर्म, मौसम विभाग ने जारी किया वॉर्म नाइट का अलर्ट

सीहोर। जिले में गर्मी अब अपना प्रचंड रूप दिखाने लगी है। आलम यह है कि दिन के साथ-साथ अब रातें भी तपने वाली हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के जिन 9 शहरों के लिए वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया है, उनमें सीहोर भी शामिल है। इसका अर्थ है कि आज मंगलवार की रात सामान्य से कहीं अधिक गर्म रहने वाली है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वॉर्म नाइट तब मानी जाती है जब दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर हो और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य के मुकाबले 4.5 से 6.4 डिग्री तक बढ़ जाए। रविवार और सोमवार की रात भी जिले में गर्म रही थी, लेकिन अब इसमें और बढ़ोत्तरी होने की आशंका है।
क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज
पिछले कुछ दिनों से जिले में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी था। इसका मुख्य कारण प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन है। हालांकि अब नमी कम होने और पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर असर के चलते धूप तीखी हो गई है और गर्म हवाओं ने जोर पकड़ लिया है।
सेहत का रखें ख्याल, एडवायजरी जारी
पानी का भरपूर सेवन: दिनभर पर्याप्त पानी पीएं ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।
धूप से बचाव: दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बेवजह बाहर निकलने से बचें।
पहनावा: हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढंककर रखें।
विशेष सावधानी: बच्चे और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें, क्योंकि लू का असर उन पर जल्दी होता है।

Exit mobile version