बुधनी विधानसभा में कार्यकर्ताओं का ’कांग्रेस’ से मोहभंग, पुतला दहन में दिखी गुटबाजी, भाजपा ने साधा निशाना
- सोशल मीडिया पर चल रही कांग्रेस, कार्यकर्ताओं की अनदेखी, नहीं पहुंचे स्थानीय कांग्रेस नेता, पदाधिकारी
Sumit Sharma
सीहोर। वर्ष-2027 में नगरीय निकाय एवं वर्ष-2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत का सपना संयोए बैठी कांग्रेस पार्टी आपसी गुटबाजी से बाहर नहीं आ पा रही है। यही कारण है कि अब पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं का ही कांग्रेस से मोहभंग होने लगा है। सीहोर जिले में जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती जहां दिन-रात पार्टी में जान फूंकने की कोशिशें कर रहे हैं, लेकिन बुधनी विधानसभा में पार्टी के कार्यकर्ताओं का कांग्रेस से मोहभंग हो गया है। यही कारण है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के रेहटी में पुतला दहन में ही कार्यकर्ता, पदाधिकारी नहीं पहुंचे। इस दौरान आपसी गुटबाजी भी चरम पर दिखाई दी, क्योंकि रेहटी के स्थानीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने ही पुतला दहन के आयोजन से दूरी बना ली। तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों से भी पदाधिकारी, कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। पुतला दहन के लिए रेहटी पहुंचे पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल सहित अन्य नेताओं को ही यहां पर पुलता फूंकना पड़ा। इससे पहले नेताओं ने कुछ पदाधिकारियों के साथ में पैदल मार्च निकाला और पुलता दहन किया। इस दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनिरूद्ध दुबे, रेहटी ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रपाल पटेल, विपत सिंह उइके, मंगल सिंह ठाकुर, विष्णु ठाकुर, मलखान सिंह चंद्रवंशी सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं की अनदेखी-
बुधनी विधानसभा में चुनावी जमीन तैयार करने में जुटी कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं का ही टोटा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। इसके कारण वे भी अब पार्टी से दूरी बना रहे हैं। विकल्प के तौर पर वे अन्य पार्टियों की तलाश में है। कांग्रेस में जमकर बौखलाहट है – कांग्रेस पार्टी द्वारा किए जा रहे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में जमकर बौखलाहट है। कांग्रेस को वे राज्य नजर नहीं आ रहे हैं, जहां से उनकी जीत हुई है। देशभर में कांग्रेस पार्टी का वजूद पूरी तरह से समाप्त होने की कगार पर है, इसलिए वे अपने वजूद को बचाने के लिए नौटंकी कर रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी जिस भाषा एवं शैली का प्रयोग कर रहे हैं वह उचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का विरोध करके क्या साबित करना चाहते हैं। चुनाव आयोग एवं उनकी व्यवस्था पर सवाल उठाकर कांग्रेस घिर गई है, क्योंकि कांग्रेस को आगामी चुनावों में भी अपनी हार अभी से नजर आ रही है। ऐसे में वे अभी से चुनाव आयोग पर ही ठीकरा फोड़ने में जुट गए हैं। मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनावों में भी विशाल एवं प्रचंड बहुमत के साथ वापसी करेगी।