भोपाल नाका से टाउन हॉल तक 2.25 करोड़ से बदलेगी सीहोर की सूरत, नाला निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ भूमिपूजन

सीहोर। शहर के विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा बुधवार को एक बड़े विकास कार्य की आधारशिला रखी गई। भोपाल नाका से लेकर टाउन हॉल तक लगभग 2.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नाले और सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़े तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार और सहायक यंत्री विजय कोली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
भोपाल नाका से टाउन हॉल मार्ग पर लंबे समय से जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस 2.25 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से नागरिकों और दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी। नाला निर्माण के साथ.साथ इस मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे शहर का यह हिस्सा अधिक आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई देगा।
शहर का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर सरकार शहर के हर वार्ड और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा 2.25 करोड़ की यह परियोजना केवल नाला निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को भी नई दिशा मिलेगी। हमारा लक्ष्य सीहोर को सुंदर, स्वच्छ और सर्वसुविधायुक्त शहर बनाना है।
विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही नगर सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़े ने कहा कि सीहोर शहर में जन-आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लगातार विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। भोपाल नाके से टाउन हॉल तक होने वाला यह निर्माण कार्य शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है, जिससे यातायात और जल निकासी की व्यवस्था में सुधार होगा।



