सफेद टोपी और पूर्ण गणवेश में नजर आए सेवादल कार्यकर्ता, राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने निकाली सद्भावना रैली

सीहोर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश सेवादल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश भार्गव एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें याद करने के साथ हुआ। इस दौरान कांग्रेस व सेवादल कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और सद्भावना के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी सद्भावना रैली
श्रद्धांजलि सभा के पश्चात राजीव गांधी के एकता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशाल सद्भावना रैली निकाली गई। न्यू बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कोतवाली चौराहे पहुंची। रैली में सेवादल के कार्यकर्ता सफेद टोपी और पूर्ण गणवेश में अनुशासित होकर शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और बैनर थामे कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राजीव गांधी अमर रहें के नारे लगाए।

सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक भारत की रखी नींव
कोतवाली चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति की नींव मजबूत की, जिसका लाभ आज पूरा देश उठा रहा है। वहीं प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अविनाश भार्गव ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
सभा को वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र ठाकुर, गणेश तिवारी, विवेक राठौर, घनश्याम यादव और घनश्याम मीणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सेवादल जिलाध्यक्ष नरेंद्र खंगराले ने किया एवं आभार धीरज सिंह ठाकुर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version