खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

बाबा का हुआ दिव्य एवं आकर्षक श्रृंगार, सुबह से देर रात तक लगी रही भक्तों की कतारें

सीहोर। शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शुक्रवार को सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी बाबा के दिव्य एवं आकर्षक श्रृंगार के दर्शन करने के लिए शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिवार के अनुसार सुबह सात बजे से देर रात्रि तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में पहुंचकर शीश नवाया और सुख.समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिवार की ओर से ऋषि सोलंकी ने बताया कि देवउठनी ग्यारस पर बाबा के दर्शन के लिए सुबह सात बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। मंदिर परिवार के अनुमान के अनुसार 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर परिवार की ओर से संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित और महेश कुमार का स्वागत सम्मान किया गया। इस मौके पर मंदिर के संरक्षक मांगीलाल सोलंकी, जगदीश सोलंकी, संदीप सोलंकी एवं दिनेश सोलंकी परिवार की ओर से मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

Exit mobile version