
सीहोर। आष्टा थाना क्षेत्र के गाडराखेड़ी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक बी.फार्मा के छात्र और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रात के समय कुछ लोगों ने घर के सामने आकर गाली-गलौज की और बीच-बचाव करने आए युवक के भाई तथा पड़ोसी महिला पर डंडे व अन्य तरीके से हमला कर दिया। घायल भाई और पड़ोसन को आष्टा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाडराखेड़ी निवासी विकास प्रजापति जो बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहे हैं, अपनी मां सुमन बाई, भाभी नीलू प्रजापति, भाई आकाश प्रजापति और पड़ोसी उमा बाई के साथ आष्टा थाने पहुंचे और मौखिक शिकायत दर्ज कराई। विकास ने पुलिस को बताया कि 19 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने पिता सुरेश, मां सुमन बाई और भाई आकाश के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान घर के सामने विजेन्द्र सिंह राजपूत, बलराम सिंह, जितेन्द्र सिंह निवासी गाडराखेड़ी और छोटू निवासी अमलाहा पहुंचे और पुरानी रंजिश की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
बचाने आई पड़ोसन भी घायल
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने पिछली बार उनके भाई जीवन के साथ हुई मारपीट की बात कहते हुए गालियां दीं। जब बी.फार्मा छात्र विकास के भाई आकाश ने उन्हें गाली देने से मना किया तो जितेन्द्र और छोटू ने आकाश को पकड़ लिया और विजेन्द्र व बलराम ने डंडे से उसके साथ मारपीट की। इस हमले में आकाश की बाईं आंख और जबड़े में चोट आई और खून निकलने लगा।
आकाश को बचाने के लिए जब विकास, उनके पिता सुरेश और पड़ोस की उमा बाई आगे आए तो वहां विजेन्द्र का भाई विशाल राजपूत भी पहुंच गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए उमा बाई से मारपीट की, जिससे उनकी पीठ में चोट आई।
सरकारी अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
घटना के बाद परिजन थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने घायल आकाश प्रजापति और पड़ोसी उमा बाई को इलाज के लिए आष्टा के सरकारी अस्पताल भेजा। अस्पताल में दोनों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। आष्टा पुलिस ने फरियादी छात्र विकास प्रजापति की रिपोर्ट पर मामले को दर्ज कर जांच व आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।