हाईवे पर पिकअप ने उज्जैन के आरक्षक की बाइक को मारी टक्कर, घायल जवान ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट

सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे पर जावर से पहले शेखुखेड़ा जोड़ के सामने एक पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल से जा रहे पुलिस आरक्षक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक सडक़ पर गिरकर घायल हो गए, जिन्हें आसपास के लोगों की मदद और डायल 112 के जरिए शासकीय अस्पताल जावर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल आरक्षक ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी पारस त्रिपाठी निवासी पुलिस लाइन मुंगावली जिला अशोकनगर, उज्जैन जिले में पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 19 नवंबर को वे अपने घर मुंगावली से उज्जैन जाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से निकले थे।
शेखुखेड़ा जोड़ के पास पीछे से मारी टक्कर
आरक्षक पारस त्रिपाठी के मुताबिक दोपहर करीब 2.30 बजे जब वे जावर से पहले शेखुखेड़ा जोड़ के सामने भोपाल-इंदौर हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन के चालक ने वाहन को बेहद तेज गति, लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरक्षक बाइक समेत सडक़ पर जा गिरे। हादसे में उनकी नाक, होंठ, कमर और कलाई में चोटें आईं। सडक़ पर गिरने के कारण वे टक्कर मारने वाली पिकअप का नंबर नहीं देख पाए।
डायल 112 से पहुंचे अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल आरक्षक को संभाला और उठाया। मौके पर मौजूद लोगों में से ही किसी ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। इसके बाद आरक्षक को डायल 112 वाहन से शासकीय अस्पताल जावर ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। अस्पताल में उपचार कराने के बाद आरक्षक थाने पहुंचे और लापरवाह पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version