
सीहोर। नगर पालिका द्वारा आयोजित नगर गौरव दिवस समारोह 29 नवंबर को प्रस्तावित था, जो अपरिहार्य परिस्थितियों के चलते फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है। अब यह आयोजन आगामी निर्धारित तिथि पर आयोजित किया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से दी जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर गौरव दिवस के अंतर्गत 29 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम निरस्त नहीं किया गया है, बल्कि इसे आगामी तिथि के लिए स्थगित किया गया है। उन्होंने बताया कि सीहोर नगर गौरव दिवस शहरवासियों के लिए गौरव, उत्साह और अपनी ऐतिहासिक पहचान से जुडऩे का विशेष अवसर है। इस आयोजन को भव्य एवं गरिमामय स्वरूप में आयोजित करने के उद्देश्य से आगामी तिथि निर्धारित की जाएगी। नई तारीख तय होते ही इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे संशोधित तिथि की सूचना की प्रतीक्षा करें तथा नगर गौरव दिवस के आगामी आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।