सेवा संकल्प अभियान: सीहोर में मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने की प्रेस कान्फ्रेंस, मंत्री करण सिंह वर्मा ने की समीक्षा

- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे सेवा, सुशासन, संवाद और जनभागीदारी के कार्यक्रम

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसको लेकर सीहोर में मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। इधर मंत्री करण सिंह वर्मा ने अभियान को लेकर समीक्षा की। इससे पहले सीहोर पहंुचे मंत्री राव उदयप्रताप सिंह का जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अभियान के संबंध में भाजपा सीहोर कार्यालय पर आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। इस सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से मुख्यमंत्री और 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। यह 25 वर्ष भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सेवा और समर्पण का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, आवास, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया-
मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को आवास, स्वच्छता अभियान के माध्यम से 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जोड़ने तथा लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने जैसे कार्यों ने देश के गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक बदलाव किया है। मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक निःशुल्क वैक्सीन डोज उपलब्ध कराना भारत की सामर्थ्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उदाहरण है। आज भारत विश्व पटल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा एवं सम्मान में निरंतर वृद्धि हुई है।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा-
मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को प्रदेश में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक परिवार दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करेगा और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प में सहभागी बनेगा।
बच्चों और युवाओं को जोड़ेगा ‘विकसित भारत’ का संदेश-
राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रदेश के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ की कल्पना पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं के नवाचार को प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचेगा संदेश-
राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य और विकास उपलब्धियों का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन इसमें सहभागी होंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान 25 वर्षों की प्रमुख सेवा एवं विकास उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में कार्यकर्ता समाजसेवा की विभिन्न गतिविधियों में अपना योगदान देंगे। अभियान के अंतर्गत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
तैयारियों की राजस्व मंत्री ने की समीक्षा-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर इछावर में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री श्री वर्मा ने इछावर विकासखंड में अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राजस्व मंत्री ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, विभागीय तैयारियों तथा आमजन की सहभागिता से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में इछावर एसडीएम स्वाति मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ रूशाली पोरष सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री श्री वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। इधर सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर बालागुरु के. ने संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। कलेक्टर बालागुरु के. ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं जिम्मेदारी के कार्यकाल को रेखांकित करते हुए 17 सितम्बर को जिले में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम एवं नगरीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के प्रयास किए जाएं। जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

Exit mobile version