कुबेरेश्वरधाम में 25 अक्टूबर को मनेगा शरद पूर्णिमा महोत्सव, सजेगा डांडिया और राधा नाम संकीर्तन का दरबार

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ प्रसिद्ध चितावलिया हेमा स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर कुबेरेश्वरधाम में आगामी 25 अक्टूबर रविवार को शरद पूर्णिमा महोत्सव पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य और विठलेश सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय भव्य महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि शरद पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर कुबेरेश्वरधाम में कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कब क्या होगा
दिव्य श्रृंगार व चंद्र दर्शन: रात्रि ठीक 7.00 बजे भगवान श्री मुरली मनोहर का अलौकिक व दिव्य श्रृंगार किया जाएगा साथ ही श्रद्धालुओं को चंद्र दर्शन और चंद्र खीर के दर्शन का लाभ मिलेगा।
राधा नाम संकीर्तन: रात्रि 07.30 बजे से 09.00 बजे तक सुमधुर राधा नाम संकीर्तन का आयोजन होगा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठेगा।
डांडिया महोत्सव: रात्रि 09.00 बजे से विशेष डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ झूमते नजर आएंगे।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
कुबेरेश्वरधाम स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर में आयोजित होने जा रहे इस भव्य शरद पूर्णिमा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। विठलेश सेवा समिति ने क्षेत्रवासियों और देश भर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर भगवान श्री मुरली मनोहर के दिव्य दर्शन करें, चंद्र दर्शन का लाभ लें तथा राधा नाम संकीर्तन व डांडिया महोत्सव में सहभागिता कर पुण्य के भागी बनें।



