
सीहोर। अक्सर राजनेताओं के जन्मदिन पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स, ढोल-धमाके और भारी भरकम फूल मालाओं का नजारा आम होता है, लेकिन नगर परिषद भैरुंदा के अध्यक्ष मारुति शिशिर ने इस बार अपने जन्मदिन को समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण की एक नई मिसाल बना दिया। 10 जुलाई को अपने जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने न केवल जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा का बीड़ा उठाया, बल्कि भारत सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हरियाली संकल्प में सहभागी बनकर इस दिन को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।
बता दें मारुति शिशिर ने अपने इस विशेष दिन की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के बड़े संदेश के साथ की। वे सुबह ही राजधानी भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने स्मार्ट पार्क में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के ऐतिहासिक और निरंतर चल रहे संकल्प में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। केंद्रीय मंत्री के साथ मिलकर शिशिर ने न केवल पौधारोपण किया्र बल्कि पर्यावरण को बचाने के इस महाअभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया। इसके अलावा उन्होंने अपने गृह नगर में बजरंग खूंटी स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और वहां भी पौधारोपण कर कुल 15 पौधे रोपे।
बुके और गिफ्ट नहीं, समर्थकों से मांगी पेन-कॉपी
शिशिर के जन्मदिन की सबसे अनूठी और सराहनीय बात यह रही कि उन्होंने अपने परिजनों, मित्रों और समर्थकों से पहले ही एक भावुक अपील की थी। उन्होंने कहा था कि कोई भी उनके लिए बुके, महंगे गिफ्ट या अन्य तामझाम लेकर न आए। इसके बदले वे जरूरतमंद बच्चों के काम आने वाली शिक्षण सामग्री जैसे कॉपी, पेन, पेंसिल के पैकेट और स्कूल बैग लेकर आएं। अध्यक्ष की इस संवेदनशीलता का समर्थकों ने भी दिल खोलकर सम्मान किया। बधाई देने पहुंचे लोग अपने हाथों में फूल मालाओं की जगह किताबों और कॉपियों के बंडल लेकर पहुंचे।
जरूरतमंद बच्चों को बांटी जाएगी सामग्री
नगर परिषद कार्यालय में दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जहां देखते ही देखते बड़ी मात्रा में शैक्षणिक सामग्री एकत्रित हो गई। मारुति शिशिर ने बताया कि इस एकत्रित सामग्री को जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच वितरित किया जाएगा, ताकि धन के अभाव में किसी बच्चे की पढ़ाई न छूटे। शाम को नगर परिषद परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गयाए जिसमें स्थानीय अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने शिशिर का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।