Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीहोर के गौरव बने श्लोक, प्रदेश में टॉपर

सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सीहोर जिले के होनहार छात्र श्लोक प्रजापति ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। नूतन स्कूल के छात्र श्लोक ने विज्ञान गणित संकाय में 500 में से 493 अंक हासिल कर 98.60 प्रतिशत के साथ पूरे मध्य प्रदेश में पहला स्थान झटका है। एक साधारण मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाले श्लोक की इस अविश्वसनीय सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो गरीबी और अभाव कभी तरक्की के रास्ते में रोड़ा नहीं बन सकते।
बता दें श्लोक के पिता जो मजदूरी कर परिवार का भरण.पोषण करते हैं, उन्होंने तमाम आर्थिक चुनौतियों के बाद भी अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। बेटे की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है और बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। श्लोक ने अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए बताया कि उनका अगला लक्ष्य अब प्रशासनिक सेवा आईएएस में जाकर देश की सेवा करना है।
प्रदेश में 8वें स्थान पर सीहोर
जिले के अन्य परिणामों की बात करें तो इस वर्ष सीहोर का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। हाई स्कूल 10वीं का परिणाम 84.90 प्रतिशत रहा, जिससे जिले ने प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। वहीं, हायर सेकेंडरी 12वीं में जिला 86.47 प्रतिशत परिणाम के साथ 11वें स्थान पर रहा। 10वीं की परीक्षा में भविष्य कुशवाहा रेडी ने भी 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है।
जिले के पिछले तीन सालों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सीहोर लगातार अपनी स्थिति में सुधार कर रहा है। हाई स्कूल परीक्षा परिणाम वर्ष 2022-23 में 79 प्रतिशत दूसरा स्थान और 2023-24 में 68.32 प्रतिशत सातवां स्थान रहा था, जबकि इस वर्ष 2024-25 में यह 85.54 प्रतिशत तक जा पहुंचा है। इसी तरह हायर सेकेंडरी में वर्ष 2022-23 में 64.97 प्रतिशत आठवां स्थान और 2023-24 में 72.70 प्रतिशत सातवां स्थान की तुलना में इस साल 82.92 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया है। हालांकि रैंकिंग में थोड़ा उतार-चढ़ाव आया है, लेकिन अंकों के प्रतिशत में भारी बढ़ोतरी जिले की बेहतर होती शिक्षा व्यवस्था की ओर इशारा करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button