Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

इंदौर-भोपाल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

सीहोर। फरवरी माह के पहले ही दिन इंदौर-भोपाल हाईवे पर एक बड़ा बस हादसा टल गया। अहमदाबाद से भोपाल जा रही एक निजी स्लीपर बस बेदाखेड़ी जोड़ के पास अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे उतरकर पलट गई। गनीमत रही कि बस में सवार 20 से 25 यात्रियों में से अधिकांश सुरक्षित हैं। हादसा सडक़ पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में हुआ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लगभग 8.20 बजे स्लीपर बस अहमदाबाद से सवारियां लेकर भोपाल की ओर जा रही थी। जैसे ही बस आष्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेदाखेड़ी जोड़ के पास पहुंची, अचानक एक गाय सडक़ के बीचों-बीच आ गई। चालक ने गाय को बचाने के लिए तेजी से बस को मोड़ा, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई।
मदद के लिए दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही अमलाहा चौकी और आष्टा थाने का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस में सवार 25 यात्रियों में से लगभग सभी सुरक्षित हैं, जिन्हें दूसरी बसों और वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
छत्तीसगढ़ का यात्री घायल
इस दुर्घटना में बस में सवार एक यात्री हरिश्चंद्र पटेल निवासी कांकेर छत्तीसगढ़ के नाक में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद अमलाहा टोल की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए आष्टा के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यातायात रहा सामान्य
हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को किनारे कराया। हाईवे पर यातायात पूरी तरह सामान्य रहा और पुलिस ने यात्रियों के सामान को भी सुरक्षित निकालने में मदद की। आष्टा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button