
रेहटी। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी रेहटी द्वारा नगर के घर-घर में स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जा रहे हैं। नगर के लगभग 3200 उपभोक्ताओं में से करीब 2400 उपभोक्ताओं के घरों में बिजली के स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। बिजली कंपनी रेहटी के जेई राहुल सिंह ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि सभी लोग स्मार्ट मीटर लगवाएं और बेहतर सुविधाएं पाएं।
नहीं हो सकेगी छेड़छाड़, गांवों में भी लगेंगे स्मार्ट मीटर –
घर-घर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद इनसे छेड़छाड़ भी नहीं हो सकेगी। यदि कोई उपभोक्ता ऐसा करता है तो इसकी सूचना भी बिजली कंपनी तक पहुंचेगी। स्मार्ट मीटर की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी होगी। पहले चरण में नगरीय क्षेत्र में यह स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसके बाद गांव-गांव में भी घर-घर स्मार्ट मीटर लगेंगे।
ये हैं स्मार्ट मीटर के फायदे –
– मीटर रीडर द्वारा रीडिंग लेने की आवश्यकता कम हो जाती है, जिससे गलत बिल आने की संभावना नहीं रहती।
– बिजली कंपनी दूर से ही मीटर की रीडिंग प्राप्त कर सकती है।
– स्मार्ट मीटर अनियमितताओं का पता लगाने में मदद करते हैं, जिससे बिजली चोरी कम करने में सहायता मिलती है।
– कई स्मार्ट मीटर मोबाइल रिचार्ज की तरह पहले से बैलेंस डालकर बिजली उपयोग करने की सुविधा देते हैं।
– उपभोक्ता अपनी खपत पर नजर रखकर अनावश्यक बिजली खर्च कम कर सकता है।
– कुछ स्मार्ट मीटर बिजली कटौती या तकनीकी खराबी की सूचना तुरंत बिजली कंपनी तक पहुंचा सकते हैं।
– मीटर की रीडिंग स्वतः बिजली कंपनी तक पहुंच जाती है। मीटर में छेड़छाड़ या असामान्य उपयोग की सूचना भी स्वतः दर्ज हो जाती है।