
सीहोर। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुधनी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने भोपाल की ओर से आ रही एक बिना नंबर की महिंद्रा थार कार से 153 लीटर अवैध शराब जब्त की है। मामले में नर्मदापुरम निवासी दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 25 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि भोपाल की तरफ से एक काले रंग की बिना नंबर वाली महिंद्रा थार कार में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गडरिया नाला के पास घेराबंदी की। संदिग्ध वाहन को आते देख पुलिस ने उसका पीछा किया और शंकर मंदिर के पास गाड़ी को रोककर उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
14 लाख की थार कार और शराब जब्त
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम शिवम हिंगोले और विशाल जाटव दोनों निवासी नर्मदापुरम बताया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो कार से 13 पेटी देशी शराब और 3 पेटी बीयर कुल 153 लीटर बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 62 हजार 80 रुपये बताई जा रही है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 14 लाख रुपये की महिंद्रा थार कार भी जब्त कर ली गई है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 14 लाख 62 हजार 80 रुपये आंकी गई है। बुधनी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को बुधनी न्यायालय में पेश किया गया।