समाजसेवी, पूर्व पटवारी आत्माराम दुबे का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

रेहटी। तहसील के ग्राम पांगरा निवासी वरिष्ठ समाजसेवी, पूर्व पटवारी एवं अशोक दुबे, अरविंद दुबे सदस्य सलकनपुर मंदिर समिति, मुकेश दुबे के पूज्य पिताजी आत्माराम दुबे का 98 वर्ष की उम्र में दुखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। निधन के बाद परिजनों एवं ग्रामवासियों ने उनकी भव्य पालकी यात्रा गांव में निकाली। इस दौरान भजन भी चलते रहे। मां
नर्मदा तट आंवलीघाट पर उनकी अंत्येष्टि की गई, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। स्व. आत्माराम दुबे का निधन जहां परिजनों के लिए अपूरणीय क्षति है तो वहीं क्षेत्रवासियों ने भी एक ऐसा व्यक्तित्व खो दिया, जो हमेशा समाज सेवा को तत्पर रहते थे। स्व. आत्माराम दुबे का जन्म वर्ष 1928 में हुआ। उन्होंने अंग्रेजी शासनकाल एवं नवाबी दौर भी देखा। युवावस्था में वे अध्यापक रहे। इसके बाद उन्होंने पुलिस विभाग में भी सेवाएं दीं, लेकिन कहीं न कहीं अपने सिद्धांतों का पालन नहीं करने पर दोनों ही सेवाएं त्याग दी। इसके बाद उन्होंने राजस्व विभाग में भी सेवाएं दीं। यहीं से उन्होंने सेवानिवृत्ति भी ली। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी अंतिम यात्रा में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।



