Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

एसपी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, शहरभर में गूंजेगा नशामुक्ति का संदेश

सीहोर। मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एक नशामुक्त समाज के निर्माण और युवा पीढ़ी को नशे के जानलेवा जाल से सुरक्षित बाहर निकालने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत 17 जुलाई को पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से एक विशेष जागरूकता संदेश रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह जागरूकता रथ पूरे सीहोर शहर के गली मोहल्लों और प्रमुख चौराहों का भ्रमण करेगा। रथ पर लगे लाउडस्पीकर, ज्ञानवर्धक पोस्टरों और संदेशों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के भयानक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

नशा पूरे परिवार और समाज को कर देता है बर्बाद
इस अवसर पर नशामुक्त समाज के लिए आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक तक यह संदेश पहुंचाना है कि वे नशे के खिलाफ इस जंग में पुलिस का साथ दें। हम सभी के सामूहिक प्रयासों और जन भागीदारी से ही सीहोर जिले को पूरी तरह नशामुक्त और खुशहाल बना सकते हैं।
थाना क्षेत्रों और शिक्षण संस्थाओं में दी जाएगी दस्तक
पुलिस प्रशासन द्वारा तैयार की गई रूपरेखा के अनुसार यह अभियान आने वाले दिनों में केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी इसे सघन रूप से चलाया जाएगा। नुक्कड़ सभाओं और संवाद कार्यक्रमों के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक नशामुक्ति का यह संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। जागरूकता रथ रवानगी के अवसर पर एसडीओपी पूजा शर्मा, रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव्र निरीक्षक रेडियो मनोज कुमार दुबे सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button