
सीहोर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, गंभीर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना द्वारा एसपी कार्यालय के सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में घटित हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, नकबजनी और चोरी जैसे गंभीर अपराधों की थानावार समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपत्ति संबंधी अपराधों में चोरी गई संपत्ति की बरामदगी का प्रतिशत बढ़ाया जाए और आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
60 दिनों में चालान पेश करने का अल्टीमेटम
महिला एवं अनुसूचित जाति-जनजाति के विरुद्ध दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने पॉक्सो एक्ट और बलात्कार से संबंधित प्रकरणों में 60 दिवस की अनिवार्य समय-सीमा के भीतर विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में चालान पेश करने के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा ITSSO पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया।
असामाजिक तत्वों पर शिकंजा
जिले में शांति बनाए रखने के लिए जिला बदर, एनएसए, आबकारी एक्ट, आम्र्स एक्ट, जुआ-सट्टा और एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया। साथ ही ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, और ई-रक्षक ऐप के माध्यम से समंस-वारंट की तामीली की समीक्षा की गई। ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के आदेश दिए गए।
रात्रि गश्त बढ़ाने और त्यौहारों पर सतर्कता के निर्देश
एसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ानेए लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ करने और आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी/ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया अफवाहों की मॉनिटरिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लंबित मर्ग जांचों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, जिले के समस्त एसडीओपी, रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी एवं एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रमुख उपस्थित रहे।