‘एसपी’ पूजा शर्मा ने बेटियों को सिखाए सुरक्षा के गुर, बोलीं- अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक होना ही पहला कदम

सीहोर। जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शनिवार को नारी शक्ति वंदन और मुस्कान अभियान के अंतर्गत सीहोर व आष्टा में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सीहोर के शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा) पूजा शर्मा ने छात्राओं को सुरक्षा और आत्मविश्वास का पाठ पढ़ाया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं पूजा शर्मा ने छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बेटियों को न केवल मानसिक रूप से मजबूत होना है, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होना भी उनका पहला अधिकार है। शर्मा ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और विस्तार से समझाया कि मुसीबत के समय पुलिस की कार्यप्रणाली कैसे उनकी मदद करती है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहकर उसका सामना करें।
हेल्पलाइन और आत्मरक्षा पर विशेष जोर
छात्राओं के बीच पूजा शर्मा ने सुरक्षा के व्यावहारिक मंत्र साझा किए, जिसमें उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090/181 और डायल 100 के प्रभावी उपयोग के बारे में बताया, ताकि छात्राएं जरूरत पडऩे पर तुरंत पुलिस की मदद ले सकें। किसी भी अप्रिय स्थिति में स्वयं का बचाव कैसे करें, इसके लिए उन्होंने महत्वपूर्ण तकनीकें और सुझाव साझा किए।
जावर महाविद्यालय में भी गूंजा सुरक्षा का संदेश
आष्टा अनुभाग के जावर थाना क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय में भी पुलिस ने जागरूकता की अलख जगाई। यहां उपनिरीक्षक संतोष सिंह विश्वकर्मा और आरक्षक राहुल सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन सुरक्षा और सोशल मीडिया के जोखिमों से आगाह किया। कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकार और वन स्टॉप सेंटर की उपयोगिता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा शाखा के एएसआई संजय पाठक, आरक्षक शुभम रघुवंशी, कुलदीप, दीपक और कॉलेज का स्टाफ मौजूद रहा।

Exit mobile version