इंदौर-भोपाल हाईवे पर बेकाबू होकर पलटी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, दो लोगों की मौत, 10 घायल

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। आष्टा के पास जावर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार इंदौर निवासी दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के 10 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल एक ही परिवार और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग इंदौर से भोपाल की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो कार जावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर पहुंची, ड्राइवर अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार तेज होने के कारण कार सडक़ पर ही पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही जावर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
हादसे में भाजपा नेता और महिला की मौत
स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में इंदौर निवासी 38 वर्षीय मयूरेश पिता संतोष गर्ग और 51 वर्षीय संगीता पति सुनील अग्रवाल की मौके पर ही सांसें थम गईं। मृतक मयूरेश गर्ग इंदौर में भाजपा से जुड़े हुए थे। जैसे ही हादसे की खबर फैली राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय तुरंत घटनास्थल और सोनकच्छ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
सोनकच्छ में प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर
राहगीरों और एम्बुलेंस की मदद से सभी 10 घायलों को तुरंत पास के सोनकच्छ शासकीय अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को तुरंत इंदौर रेफर दिया गया। हादसे में घायल हुए लोगों में सुनील अग्रवाल, शर्मिला गर्ग, सुरभि अग्रवाल, पलक, रिमी अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, स्वप्नील गर्ग, कनव गर्ग, दूरविक गर्ग और डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची शामिल हैं। जावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सडक़ से हटवाया और यातायात सुचारू किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version