
सीहोर। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने बुधवार को थाना रेहटी का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट हिदायत दी कि रेहटी थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ और सट्टे जैसी सामाजिक बुराइयों को किसी भी हाल में पनपने न दिया जाए। उन्होंने थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों, सटोरियों और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।
वार्षिक निरीक्षण के प्रथम चरण में रेहटी थाना पहुंचीं पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का मुआयना किया। उन्होंने शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और मालखाने का बारिकी से निरीक्षण किया। एसपी ने निर्देश दिए कि मालखाने में रखे जब्त सामान का रखरखाव सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए और पुलिस शस्त्रों की नियमित सफाई व रखरखाव सुनिश्चित हो, ताकि आपात स्थिति में बल पूरी तरह तैयार रहे।
अपराधों की समीक्षा
क्राइम समीक्षा बैठक लेते हुए एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने रेहटी क्षेत्र के पेंडिंग मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में तत्काल वैधानिक कदम उठाए जाएं। साथ ही न्यायालय से जारी लंबित वारंटों और समंसों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया।
रात्रि गश्त और बीट पुलिसिंग होगी और मजबूत
एसपी ने रेहटी क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए बीट प्रणाली को अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्र में नियमित संवाद बनाए रखने और रात्रि गश्त तेज करने के निर्देश दिए। थाने आने वाले हर फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता से सुनकर उस पर तुरंत निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात कही गई।
बुधनी थाने और एसडीओपी कार्यालय का भी लिया जायजा
रेहटी के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना बुधनी एवं एसडीओपी कार्यालय बुधनी का भी वार्षिक निरीक्षण किया। वहां उन्होंने अभिलेखों के संधारण, एमएलसी और मर्ग डायरियों को अद्यतन रखने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। एसडीओपी रवि शर्मा को अनुभाग के सभी थानों में दर्ज पुराने व गंभीर मामलों की खुद मॉनिटरिंग करने को कहा गया। वार्षिक निरीक्षण के दौरान एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, रेहटी थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।